बाप न्यूज़ | बाप पंचायत समिति क्षेत्र की ग्राम पंचायत चारणाई के राजस्व ग्राम हासम खा की ढाणी स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय एवं भीलों की ढाण...
बाप न्यूज़ | बाप पंचायत समिति क्षेत्र की ग्राम पंचायत चारणाई के राजस्व ग्राम हासम खा की ढाणी स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय एवं भीलों की ढाणी में पेयजल संकट गहरा गया है। पानी की नियमित आपूर्ति नहीं होने से विद्यालय में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को पीने के पानी के लिए परेशानी उठानी पड़ रही है। जानकारी के अनुसार, पिछले करीब एक वर्ष से पेयजल आपूर्ति बंद पड़ी है। पानी के अभाव में विद्यालय के पास स्थित पशु खेळी व जीएलआर सूखे पड़े हैं। ऐसे में बच्चों को पानी के लिए इधर-उधर भटकना पड़ता है। अभी भीषण गर्मी पड़ रही है, ऐसे में बच्चो को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हालात यह हैं कि स्कूल प्रशासन को पोषाहार पकाने के लिए मजबूरी में टैंकर मंगवाना पड़ रहा है, जिसके लिए करीब 700 रुपए तक खर्च करने पड़ते हैं। ग्रामीणों ने रोष जताते हुए बताया कि कई बार विभागीय अधिकारियों को शिकायत करने के साथ ही संपर्क पोर्टल पर भी मामला दर्ज कराया गया, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं हुआ है। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द पेयजल व्यवस्था सुचारू करने की मांग करते हुए आंदोलन की चेतावनी दी है।
