पंचायत समितियों के निरीक्षण के दौरान बाप पहुंचे जिला संगठन प्रभारी, आवेदनों की समीक्षा कर कार्यकर्ताओं से की चर्चा बाप न्यूज | रमन दर्जी...
बाप न्यूज | रमन दर्जी
फलोदी जिले में निकाय चुनावों में दोनों
जगह (बाप व फलोदी) भाजपा के बोर्ड बनने के बाद पार्टी अब पंचायती राज चुनावों की तैयारियों
में जुट गई है। पंचायत समिति और जिला परिषद चुनाव के लिए पार्टी स्तर पर आवेदन प्रक्रिया
चल रही है। पंचायत समितियों में चुनाव प्रभारियों की नियुक्ति कर उन्हें जिम्मेदारियां
दी गई हैं। इसी सिलसिले में गुरुवार को जिले की पंचायत समितियों के निरीक्षण के दौरान
भाजपा जिला संगठन प्रभारी डॉ. जोगेंद्रसिंह राजपुरोहित बाप पहुंचे। उन्होंने यहां चुनावी
तैयारियों की जानकारी लेने के साथ टिकट के लिए प्राप्त आवेदनों की समीक्षा की और कार्यकर्ताओं
से आगामी रणनीति पर चर्चा की। डॉ. राजपुरोहित ने बाप पंचायत समिति चुनाव के लिए नियुक्त
प्रभारी और संगठन के पदाधिकारियों से तैयारियों को लेकर जानकारी ली। उन्होंने कार्यकर्ताओं
से क्षेत्र में चुनावी माहौल, संभावित प्रत्याशियों और संगठन की सक्रियता के बारे में
फीडबैक लिया। इस दौरान उन्होंने कहा कि पार्टी चुनाव को लेकर पूरी तरह सक्रिय है और
कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर तक तैयारियों में जुटना होगा।
19 वार्डों के लिए 85 आवेदन
डॉ. राजपुरोहित ने बताया कि बाप पंचायत
समिति के 19 वार्डों के लिए अब तक 85 आवेदन प्राप्त हुए हैं। वहीं जिला परिषद के लिए
16 आवेदन आए हैं। प्राप्त आवेदनों की पार्टी स्तर पर समीक्षा की जाएगी और सभी दावेदारों
की ए, बी और सी श्रेणी में ग्रेडिंग की जाएगी। इसके बाद जनभावनाओं, संगठनात्मक सक्रियता
और ग्रेडिंग सहित अन्य पहलुओं को ध्यान में रखते हुए टिकट वितरण किया जाएगा। उन्होंने
कहा कि टिकट चयन में पार्टी कार्यकर्ताओं और क्षेत्र की जनता की भावनाओं को भी महत्व
दिया जाएगा। पार्टी का प्रयास रहेगा कि योग्य और जीत की संभावना रखने वाले प्रत्याशी
को मैदान में उतारा जाए। जिला संगठन प्रभारी ने कार्यकर्ताओं से कहा कि चुनाव में सभी
को साथ लेकर चलना जरूरी है। यदि कोई कार्यकर्ता किसी कारण से नाराज है तो उससे बातचीत
कर उसकी नाराजगी दूर करने का प्रयास किया जाए। सर्वसमाज को साथ लेकर चुनाव मैदान में
उतरना है।
बाप में भाजपा का प्रधान बनाने का दावा
डॉ. राजपुरोहित ने कहा कि बाप में मंडल
अध्यक्ष संजय कानासर और उनकी टीम के नेतृत्व में पार्टी पंचायती राज चुनाव लड़ेगी।
उन्होंने दावा किया कि निकाय चुनावों के बाद पंचायती राज चुनावों में भी भाजपा का प्रदर्शन
बेहतर रहेगा और बाप पंचायत समिति में भाजपा बहुमत हासिल कर प्रधान बनाएगी। इस मौके
पर भाजपा जिला प्रवक्ता मुकेश पालीवाल, बाप पंचायत समिति चुनाव प्रभारी जगदीश पालीवाल,
भाजपा मंडल अध्यक्ष संजय कानासर, वरिष्ठ नेता मगसिंह भाटी, जाम्बा मंडल अध्यक्ष कृष्णपालसिंह,
राजेंद्र खोरवाल, रवि पालीवाल, आईदान राम, कपिल व्यास, हबीब, मदन मोहम्मद, प्रतापसिंह
खीरवा, आईदानसिंह सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
