निर्बाध जलापूर्ति के लिए मरम्मत कार्य समय पर पूर्ण करें - जिला कलक्टर बाप न्यूज़/फलौदी जिला कलक्टर अंकित कुमार सिंह शनिवार को फलौदी व बाप उप...
निर्बाध जलापूर्ति के लिए मरम्मत कार्य समय पर पूर्ण करें - जिला कलक्टर
बाप न्यूज़/फलौदी
जिला कलक्टर अंकित कुमार सिंह शनिवार को फलौदी व बाप उपखंड के दौरे पर रहे। इस दौरान उन्होंने रामदेव नगर, खींचन, मलार व बाप में ग्रीष्मकालीन पेयजल आपूर्ति व्यवस्थाओं का औचक निरीक्षण कर हैंडपंपों की कार्यशीलता, पाइपलाइन लीकेज की स्थिति तथा AMRUT-2.0 योजना के अंतर्गत संचालित कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। जिला कलक्टर ने हैंडपंपों व पाइपलाइन की स्थिति का मौके पर निरीक्षण करते हुए निर्देश दिए कि खराब हैंडपंपों व पाइपलाइन लीकेज की मरम्मत कार्यवाही प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण की जाए। साथ ही प्राप्त होने वाली शिकायतों का सत्यापन करते हुए मरम्मत कार्य उसी दिन सुनिश्चित किया जाए। जलदाय विभाग के अभियंताओं द्वारा ग्रीष्म ऋतु में पेयजल व्यवस्थाएं बनाए रखने के प्रयासों की सराहना की । साथ ही आगामी दिनों में भी आमजन को निर्बाध पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
ग्रामीणों से किया संवाद सुनी परिवेदनाएं
निरीक्षण के दौरान जिला कलक्टर ने ग्रामीण क्षेत्रों में दौरा करते हुए जलापूर्ति के संबंध में ग्रामीणों से संवाद करते हुए फीडबैक लिया। साथ ही ग्रामीणों की समस्याओं को सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे प्रतिदिन जल वितरण की मॉनिटरिंग करें, नागरिकों की शिकायतों पर तुरंत कार्रवाई करें। जलापूर्ति को लेकर किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निरीक्षण के दौरान जिला कलक्टर ने AMRUT-2.0 योजना के अंतर्गत फलौदी शहर में कराए जा रहे कार्यों का भी निरीक्षण किया गया। योजना के अंतर्गत निर्माणाधीन जल टंकी के निर्माण कार्य का निरीक्षण करते हुए साइट इंजीनियर को कार्य शीघ्र अति शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। इस दौरान जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग अधीक्षण अभियंता भारत भूषण मिगलानी, अधिशाषी अभियंता शैलेन्द्र चौधरी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहें।



