बाप न्यूज | फलोदी पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बाप थाना क्षेत्र के मोडकिया गांव में संचालित एमडीएमए (MDMA...
बाप न्यूज | फलोदी पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बाप थाना क्षेत्र के मोडकिया गांव में संचालित एमडीएमए (MDMA) ड्रग्स फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से 1.080 किलोग्राम एमडीएमए, भारी मात्रा में केमिकल और ड्रग्स बनाने के उपकरण बरामद किए हैं। कार्रवाई के दौरान ट्यूबवेल मालिक सुखराम गोदारा को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार मौके से मिले केमिकल से करीब 30 किलोग्राम एमडीएमए तैयार की जा सकती थी, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 30 करोड़ रुपए आंकी गई है।
आधी रात को दी दबिश, बंद टिनशेड में चल रही थी फैक्ट्री
एसपी फलोदी सतनाम सिंह ने बताया कि जिले में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जिला स्पेशल टीम (DST) और बाप थाना पुलिस को लगातार कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। DST प्रभारी प्रदीप एएसआई और टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि मोडकिया गांव के राजस्व गांव भारूवा नगर स्थित एक सुनसान ट्यूबवेल पर एमडीएमए बनाने का काम चल रहा है। सूचना पर एएसपी ब्रजराजसिंह चारण और सीओ अचलसिंह देवड़ा के सुपरविजन में बाप थानाधिकारी रमेश ढाका और DST टीम ने 20-21 मई की मध्यरात्रि को संयुक्त कार्रवाई की।
टिनशेड खोलते ही फैली तेज केमिकल की बदबू
पुलिस टीम ने ट्यूबवेल पर बने बंद टिनशेडनुमा छपरे की तलाशी ली। दरवाजा खोलते ही अंदर से तेज रासायनिक दुर्गंध आने लगी। तलाशी में वहां ड्रग्स बनाने के उपकरण, इलेक्ट्रिकल हीटर, कांच के जार, मशीनें और विभिन्न रासायनिक पदार्थ मिले। मौके से क्लोरोफॉर्म, अमोनिया, एसिड, टोलविन, ब्रोमो, एचसीएल और कार्बन सहित कई केमिकल बरामद किए गए। बर्तनों में गाढ़ा रासायनिक तरल भी मिला, जो एमडीएमए निर्माण की प्रक्रिया में उपयोग हो रहा था।
आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी
पुलिस ने मौके से ट्यूबवेल मालिक सुखराम पुत्र रेशमाराम गोदारा निवासी मोडकिया को गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अन्य आरोपियों और नेटवर्क के बारे में पूछताछ कर रही है। मामले की जांच भोजासर थानाधिकारी जमील खां कर रहे हैं।
सुनसान जगह इसलिए चुनी ताकि किसी को भनक न लगे
पुलिस के अनुसार आरोपियों ने फैक्ट्री के लिए एकांत और सुनसान ट्यूबवेल चुना था ताकि केमिकल की दुर्गंध और गतिविधियों की जानकारी आसपास के लोगों तक न पहुंचे। इसके लिए पूरी तरह बंद टिनशेड बनाया गया था।
पहले भी हो चुकी बड़ी कार्रवाई
गौरतलब है कि जिला स्पेशल टीम फलोदी इससे पहले भी कई बड़ी कार्रवाई कर चुकी है।
- 25 अप्रैल को भड़ला क्षेत्र में अवैध हथियार फैक्ट्री पकड़ी गई थी।
- 15-16 मई की रात चाखू क्षेत्र में 36 क्विंटल डोडा पोस्त से भरा ट्रक जब्त किया गया था।

