Page Nav

HIDE

Classic Header

Top Ad

Breaking News:

latest

नहर में डूबा कंपनी का चालक, मुआवजे की मांग पर परिजनों का शव लेने से इनकार

  खीरवा में मिला ट्रैक्टर चालक का शव, कंपनी पर सुरक्षा में लापरवाही का आरोप, सीएचसी के बाहर दिया धरना बाप न्यूज @ रमन दर्जी |   बाप क्षेत्र ...

 

खीरवा में मिला ट्रैक्टर चालक का शव, कंपनी पर सुरक्षा में लापरवाही का आरोप, सीएचसी के बाहर दिया धरना

बाप न्यूज @ रमन दर्जी |  बाप क्षेत्र के खीरवा गांव में कार्यरत ज्योति स्ट्रक्चर लिमिटेड कंपनी के ट्रैक्टर चालक का शव शुक्रवार सुबह नहर की जाली में मिलने के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर आंदोलन शुरू कर दिया। परिजनों ने कंपनी पर सुरक्षा व्यवस्थाओं में लापरवाही का आरोप लगाते हुए शव लेने से इनकार कर दिया और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बाप के बाहर धरने पर बैठ गए। देर शाम तक प्रशासन और ग्रामीणों के बीच वार्ता बेनतीजा रही। मोडरड़ी निवासी तनसिंह पुत्र रूपसिंह पिछले एक वर्ष से कंपनी में ट्रैक्टर चालक के रूप में कार्यरत था। इन दिनों कंपनी का कार्य खीरवा क्षेत्र में चल रहा था। शुक्रवार सुबह करीब छह बजे उसका शव जोड़ के पास नहर की जाली में फंसा मिला। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सीएचसी बाप की मोर्चरी में रखवाया।
मृतक के भाई गुलाबसिंह ने बाप थाने में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए आरोप लगाया कि गुरुवार को कंपनी के प्रतिनिधि पंकजसिंह, राहुल और दिनेशसिंह ने तनसिंह को नहर में नहाने के लिए कहा था। परिजनों का कहना है कि तनसिंह ने तैरना नहीं आने की बात भी बताई थी, लेकिन इसके बावजूद उस पर नहर में उतरने का दबाव बनाया गया। नहर में उतरने के दौरान वह डूब गया और उसकी मौत हो गई। शुक्रवार सुबह उसका शव बरामद हुआ। घटना के बाद परिजनों ने कंपनी पर कर्मचारियों की सुरक्षा और आवश्यक व्यवस्थाओं की अनदेखी का आरोप लगाते हुए मृतक परिवार को उचित आर्थिक सहायता तथा एक सदस्य को कंपनी में नौकरी देने की मांग रखी। मांगें पूरी नहीं होने तक शव लेने से इनकार कर दिया गया।
धरने की सूचना पर तहसीलदार पुरुषोत्तम दास पंवार मौके पर पहुंचे और परिजनों से वार्ता की, लेकिन सहमति नहीं बन सकी। इसके बाद उपखंड अधिकारी सत्यनारायण विश्नोई तथा डिप्टी अचलसिंह ने भी समझाइश के प्रयास किए, मगर धरनार्थी अपनी मांगों पर अड़े रहे। शाम करीब सवा सात बजे तक वार्ता का कोई समाधान नहीं निकल पाया और धरना जारी रहा। धरने में प्रधान प्रतिनिधि एडवोकेट रतनसिंह, पहाड़सिंह रावरा, भाजपा मंडल जाम्बा अध्यक्ष कृष्णपाल सिंह, मूलसिंह मोडरड़ी, मौलवी रहमतुल्ला, बिलाल खां हिंडालगोल, विजय कुमावत, ओम राठी, सिबगतुल्लाह, मदनसिंह बावड़ी बरसिंगा, जबरसिंह गुड़ा, सिकंदर, मोहन भैय्या, महेश पालीवाल होपारड़ी, सवाईसिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।